चमोली, उत्तराखंड |
चमोली के पोखरी विकासखंड स्थित जूनियर हाई स्कूल हरिशंकर में सोमवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब दो भालू अचानक स्कूल परिसर में घुस आए। यह घटना सुबह करीब 9:30 बजे की है, जब विद्यालय में नियमित कक्षाएं संचालित हो रही थीं।
भालुओं को स्कूल परिसर में देखकर छात्र-छात्राओं में दहशत फैल गई। बच्चों ने तुरंत कक्षाओं के दरवाजे बंद कर लिए, लेकिन इसी दौरान कक्षा 6 के एक छात्र पर भालू ने हमला कर दिया। भालू ने बच्चे को अपने नाखूनों से जकड़ लिया और उसे करीब 200 मीटर तक घसीटते हुए झाड़ियों की ओर ले गया।
हमले में छात्र को गंभीर चोटें आई हैं और उसके कपड़े भी फट गए। बच्चों और शिक्षकों द्वारा मचाए गए शोर से घबराकर भालू बच्चे को छोड़कर जंगल की ओर भाग गए। इसके बाद घायल छात्र को सुरक्षित बाहर निकालकर तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
दो दिन में दूसरा हमला, पहले भी घायल हुआ था छात्र
यह घटना इसलिए और गंभीर मानी जा रही है क्योंकि इसी स्कूल क्षेत्र में दो दिन पहले भी भालू ने एक छात्र पर हमला किया था। शनिवार को स्कूल से छुट्टी के बाद 13 वर्षीय छात्र देवेश पर झाड़ियों में छिपे भालू ने हमला कर दिया था।
उस दौरान स्कूल में मौजूद दो छात्रों, एक छात्रा और शिक्षक ने साहस दिखाया, जिससे छात्र की जान बच सकी। घायल छात्र की चीखें सुनकर सभी लोग एकजुट होकर शोर मचाते हुए भालू की ओर दौड़े। छात्र का पैर भालू ने पकड़ लिया था, लेकिन उसके साथी पंकेश ने पत्थर फेंककर भालू को पीछे हटने पर मजबूर कर दिया।
शिक्षकों में चिंता, वन विभाग से स्थायी समाधान की मांग
विद्यालय के अध्यापक उपेंद्र सती ने बताया कि शिक्षकों की मौजूदगी के बावजूद वन्य जीवों का स्कूल परिसर में इस तरह घुस आना बेहद चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो भविष्य में इससे भी बड़ी घटना हो सकती है।
ग्रामीणों और अभिभावकों ने वन विभाग और प्रशासन से स्कूलों व आबादी वाले क्षेत्रों में स्थायी निगरानी, सुरक्षा घेराबंदी और गश्त बढ़ाने की मांग की है।
जिलाधिकारी का बड़ा फैसला, स्कूलों का समय बदला
मामले की गंभीरता को देखते हुए चमोली जिलाधिकारी ने जिले के सभी राजकीय, सहायता प्राप्त और निजी विद्यालयों के संचालन समय में बदलाव के आदेश जारी किए हैं।
अब जिले के सभी स्कूल प्रातः 10:00 बजे से अपराह्न 3:00 बजे तक संचालित होंगे, जबकि आंगनबाड़ी केंद्रों का समय प्रातः 10:00 बजे से अपराह्न 1:00 बजे तक निर्धारित किया गया है।
यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होकर 15 जनवरी 2026 तक प्रभावी रहेगा।





