25 महीने में पैसा दोगुना करने का झांसा, वरिष्ठ व्यापारी से लाखों की ठगी का आरोप
रानीखेत में भी GMFX Global Limited के ठगी मामले की एंट्री, 50 लाख की शिकायत दर्ज — हल्द्वानी में सामने आए GMFX Global Limited घोटाले के बाद अब इसका दायरा रानीखेत तक फैलता नजर आ रहा है। यहां एक वरिष्ठ व्यापारी ने कंपनी से जुड़े लोगों पर करीब 50 लाख रुपये की ठगी का गंभीर आरोप लगाते हुए कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई है।
मामला तब सामने आया जब हल्द्वानी में 25 महीने में रकम दोगुनी करने का झांसा देकर 10 लाख रुपये की ठगी के आरोप में 19 जनवरी को बिमल रावत की गिरफ्तारी हुई। इसके बाद रानीखेत क्षेत्र में भी पीड़ित सामने आने लगे हैं।
फॉरेक्स ट्रेडिंग और जमीन निवेश के नाम पर ठगी का आरोप
रानीखेत के राय एस्टेट द्यूलीखेत निवासी विमल भट्ट ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि नवंबर-दिसंबर 2024 के दौरान उनकी मुलाकात गांधी चौक रानीखेत में GMFX Global Limited के सीईओ बिमल रावत, डायरेक्टर रूबी रावत और खुद को कंपनी का मैनेजिंग डायरेक्टर बताने वाले अनूप कंडारी से कराई गई।
आरोप है कि इन लोगों ने फॉरेक्स ट्रेडिंग और जमीनों में निवेश के नाम पर 25 महीने में रकम डबल करने का भरोसा दिलाया और अलग-अलग किस्तों में उनसे बड़ी रकम जमा कराई।
NEFT, RTGS और नकद में वसूली गई रकम
पीड़ित व्यापारी के अनुसार उन्होंने
- 24.50 लाख रुपये NEFT/RTGS के जरिए
- करीब 5 लाख रुपये नकद
- और अन्य खातों में लगभग 20 लाख रुपये
कंपनी और उससे जुड़े लोगों को दिए। कुल मिलाकर यह राशि करीब 50 लाख रुपये बैठती है।
कुछ समय बाद टूट गया संपर्क
शिकायत में बताया गया कि शुरुआती कुछ समय तक संपर्क बना रहा, लेकिन बाद में कंपनी के लोगों से बातचीत पूरी तरह बंद हो गई। इसके बाद सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से जानकारी मिली कि GMFX Global Limited से जुड़े लोग कई अन्य लोगों को भी ठगी का शिकार बना चुके हैं।
एजेंट का नाम भी तहरीर में शामिल
पीड़ित ने अपनी शिकायत में बिमल रावत, रूबी रावत और अनूप कंडारी के साथ-साथ रानीखेत में कंपनी के एजेंट बताए जा रहे ललित कैलब (निवासी मॉल रोड) का नाम भी दर्ज कराया है।
और भी पीड़ितों की आशंका
सूत्रों की मानें तो रानीखेत क्षेत्र में और भी लोग इस ठगी के शिकार हो सकते हैं, लेकिन सामाजिक बदनामी और डर के कारण वे खुलकर सामने नहीं आ रहे हैं।
फिलहाल पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है और अन्य संभावित पीड़ितों से भी संपर्क करने की कोशिश की जा रही है।





